चंबल संभाग में 1 लाख 15 हजार 605 मजदूर मनरेगा के कार्यो पर कार्यरत
संभाग की 1091 ग्राम पंचायतों में 3 हजार 584 मनरेगा के निर्माण कार्य चालू |
चम्बल रत्त्न मुरैना
हर जरूरत मंद को रोजगार मिले, उसे रोजगार की तलाश में भटकना नहीं पड़े, ऐसी सोच रखने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप चंबल संभाग की 1150 ग्राम पंचायतों में से शुक्रवार की स्थिति में 1091 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत 3 हजार 584 निर्माण कार्य जारी है। इन सभी निर्माण कार्यों पर वर्तमान में 1 लाख 15 हजार 605 मजदूरों को रोजगार से जोड़ा है। इनमें 42 हजार 478 पुराने मजदूर और 73 हजार 127 अन्य राज्यों से चंबल संभाग में आये प्रवासी मजदूर है।
चंबल संभाग के कमिश्नर श्री रविन्द्र कुमार मिश्रा ने एक समीक्षा के दौरान बताया कि चंबल संभाग में शुरू किये गये 3 हजार 584 रोजगार मूलक कार्यों पर 1 लाख 15 हजार 605 मजदूर कार्य कर रहे है। इनमें 1 हजार 137 व्यक्तिगत कार्यो पर 2 हजार 654 तथा 2 हजार 447 कम्यूनिटी वर्क पर 1 लाख 12 हजार 951 जरूरत मंद मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
संभागीय कमिश्नर श्री मिश्रा ने बताया कि मुरैना जिले की 478 ग्राम पंचायतों में से 437 ग्राम पंचायतों में 293 व्यक्तिगत वर्क और 1055 कम्यूनिटी वर्क चालू किये है। इन सभी कार्यों पर 52 हजार 113 मजदूर काम कर रहे है। इसी प्रकार भिण्ड जिले की 447 ग्राम पंचायतों में से 431 ग्राम पंचायतों में 359 व्यक्तिगत और 682 कम्यूनिटी वर्क चालू है। इन पर 29 हजार 589 मजदूरों को रोजगार मिल रहा है। इसी तरह श्योपुर जिले की 225 ग्राम पंचायतों में से 223 ग्राम पंचायतों में 485 व्यक्तिगत और 711 कम्यूनिटी वर्क चल रहे, इन सभी कार्यों पर 33 हजार 903 जरूरत मंदों को रोजगार मिल रहा है।
संयुक्त आयुक्त विकास श्री राजेन्द्र सिंह ने बताया कि संभाग के तीनों जिलों में 3 हजार 584 कार्य स्थलों पर साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था की गई है। 3 हजार 605 कार्यों में से 1 हजार 543 निर्माण कार्य जल संरक्षण एंव जल सम्वर्धन के लिये गये है। 1 लाख 9 हजार 638 मजदूरों को मास्क एवं 5 हजार 699 मजूदरों को गमच्छा उपलब्ध कराये गये है।
चंबल संभाग में चल रहे मनरेगा के कार्यो पर 22 जून 2020 तक 158 करोड़ 35 लाख 44 हजार रूपये व्यय किये गये है, इनमें 58 करोड़ 4 लाख 16 हजार रूपये मजदूरी पर और एक सौ करोड़ 31 लाख 28 हजार सामग्री पर व्यय किये है।
चंबल संभाग के कमिश्नर श्री रवीन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि तीनों जिलों में 3.47 लाख मजदूरों के जॉब कार्ड बनाये गये है। इनमें से 2.58 लाख जॉब कार्ड क्रियाशील है। मनरेगा के शुरू से चल रहे 22 हजार 273 निर्माण कार्यो में से 4 हजार 273 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है। इन पर 158 करोड़ 35 लाख 44 हजार रूपये व्यय किया गया है। वर्तमान में 18 हजार निर्माण कार्य प्रगति पर है।